मेरठ में जैन समाज के समारोह में असीम अरुण का सम्मान, आचार्य सौरभ सागर महाराज ने दिया मंगल आशीर्वाद
मेरठ। रेलवे रोड स्थित वर्धमान एकेडमी के प्रांगण में परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में भव्य धार्मिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री असीम अरुण जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में जैन मंदिर रेलवे रोड एवं मंदिर कमिटी के पदाधिकारियों ने मंत्री श्री असीम अरुण का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान जैन समाज के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी ने स्वागत भाषण देते हुए मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया और उनके कार्यों की सराहना की।
जैसे ही परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज का मंच पर मंगल आगमन हुआ, पूरा प्रांगण गुरु भक्ति के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इसके पश्चात पूज्य गुरुदेव के चरणों में दीप प्रज्ज्वलित किया गया और आरती उतारी गई।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज ने अपने अमृत वचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, सन्मार्ग और समाज सेवा के रास्ते पर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने जीवन में अच्छे संस्कारों, सेवा भावना और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी की ओर से मंत्री श्री असीम अरुण को पूज्य आचार्य श्री के पावन सानिध्य में शॉल, स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके प्रशासनिक अनुभव, कार्यशैली, दूरदर्शिता और समाज सेवा के प्रति समर्पण की विशेष रूप से प्रशंसा की गई।
जैन समाज के प्रतिनिधियों ने श्री असीम अरुण के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और तेजस्वी जीवन की मंगल कामना भी की।
अपने संबोधन में मंत्री श्री असीम अरुण ने पूज्य आचार्य श्री को श्रीफल अर्पित कर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने जैन समाज की ओर से मिले सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने जैन समाज की जीवनशैली और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा, “जैन समाज सदैव से अहिंसा, करुणा, त्याग और उच्च नैतिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। समाज कल्याण, शिक्षा, चिकित्सा और परोपकार के क्षेत्रों में जैन समाज का योगदान अतुलनीय और अनुकरणीय है।”
मंत्री ने आगे कहा कि जैन समाज की सेवा भावना और अनुशासन समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा, “जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना और अनुशासित जीवन शैली हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि समाज के हर जनहितैषी प्रयास, उत्थान और कल्याणकारी कार्यों में मैं सदैव जैन समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूँगा तथा समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित भाव से सहयोग करता रहूँगा।”
समारोह में अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी के साथ सुरेंद्र जैन, योगेश जैन, नेटवर्क 10 न्यूज चैनल के डायरेक्टर नीरज जैन, समिति के समस्त पदाधिकारी तथा जैन समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
धार्मिक वातावरण, गुरु भक्ति और सामाजिक सेवा के संदेश से भरपूर यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष रहा। कार्यक्रम ने धर्म, अहिंसा, करुणा और जनसेवा जैसे मूल्यों को सामाजिक जीवन में आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
भवदीय,
समस्त जैन समाज
जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी
वर्धमान एकेडमी, रेलवे रोड, मेरठ


